हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि उनके जहन में एक बात हमेशा गूंजती है कि आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी उस समय देश की रहनुमाई कर रहे थे और उन्होंने कई भूख हड़ताल की, यदि वे भगत सिंह के लिए एक भी भूख हड़ताल करते तो आजाद हिंदुस्तान की रोशनी शहीद-ए-आजम भगत सिंह भी देख पाते।
मंत्री आज अम्बाला छावनी के सिविल एसडीएम सचिवालय में शहीद दिवस के अवसर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हमें शहीदों को सम्मान देना चाहिए और उनके दिखाए गए रास्ते पर चलना चाहिए। यहीं उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि हैं। जो जंग शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरू ने शुरू की थी, उसे जारी रखने की आवश्यकता है। अभी क्रांति को आगे चलाना व बढ़ाना होगा।
एक दुश्मन (अंग्रेज रूपी) तो चला गया, कई दुश्मन अभी देश के अन्दर है, जिनमें भ्रष्टाचार, अपने दायित्वों को न निभाना, इनके खिलाफ जंग लडऩी है।
*भ्रष्टाचार के दानव से मुक्ति पा ली तो देश सौ गुणा गति से बढ़ेगा*
मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हमने सबको देश में समानता का अधिकार दिलाना है। जब तक यह नहीं होगा तब तक हम व देश आजाद नहीं होगा। भ्रष्टाचार दानव से मुक्ति पा ली तो देश सौ गुणा गति से आगे बढ़ेगा।
*पहले 100 रुपए में से 85 रुपये भ्रष्टाचार में चले जाते थे *
मंत्री श्री ने कहा कि आज सरकार द्वारा लोगों को सीधा खातों में लाभ दिया जा रहा है। पहले राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री थे तो उस समय विकास के लिए 100 रूपए ऊपर से भेजा जाता था, लेकिन खाते में 15 रुपए आते थे, 85 रूपये सिस्टम की भेंट यानि भ्रष्टाचार में चला जाता था। लेकिन हमारी भाजपा की सरकार में विकास के लिए जितना पैसा आता है, उतना ही खर्च होता हैं।
यह मौजूद रहे
कार्यक्रम में अम्बाला छावनी के एसडीएम विनेश कुमार, आरटीए सुशील कुमार और ईओ रविन्द्र कुमार व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें।