COURTESY DAINIK TRIBUNE DEC 6
अधूरी तैयारियों के बीच गीता महोत्सव कल से
पंकज अरोड़ा/एस
कुरुक्षेत्र, 5 दिसंबर
करोड़ों का बजट, 25 लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद और मात्र एक दिन का समय शेष। ऐसे में एशिया के सबसे बड़े सरोवर ब्रह्मसरोवर के तट पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव शुक्रवार को शुरू होगा। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। उनके साथ भाजपा हरियाणा के प्रभारी अनिल जैन भी उपस्थित रहेंगे। क्राफ्ट मेले का उद्घाटन शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा करेंगे। सरकारी कार्यक्रम 13 दिसंबर से शुरू होंगे। हालांकि, अभी मेले की तैयारियां अधूरी ही हैं। बुधवार को सड़क मरम्मत और शौचालय बनाने का काम चलता रहा।
शुक्रवार शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हिमाचल के राज्यपाल आचार्य देवव्रत करेंगे। इसमें मेले के सहयोगी राज्य गुजरात की टीम भी प्रस्तुतित देगी। 14 दिसंबर को धर्मगुरु श्रीश्री रविशंकर और हरियाणा के राज्य मंत्री कृष्ण बेदी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और असम के राज्यपाल जगदीश मुखी आएंगे। 15 दिसंबर को प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, 16 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, हरियाणा विधानसभा के स्पीकर कृष्ण पाल गुर्जर, राज्यमंत्री कर्णदेव कम्बोज सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन करेंगे। 17 दिसंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन करेंगे। 18 दिसंबर को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और हिमाचल विधानसभा के स्पीकर राजीव बिंदल समारोह में आएंगे।
18000 विद्यार्थी करेंगे गीता पाठ
कुरुक्षेत्र (हप्र) : गीता महोत्सव के दौरान 7 से 23 दिसंबर तक आर्ट एंड क्राफ्ट मेले के साथ-साथ सरस मेले का भी आयोजन होगा। सरस मेेले में विभिन्न राज्यों के शिल्पकार व स्वयं सहायता समूह शिरकत करेंगे। इस बार ज्योतिसर में भी 3 दिन कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके अलावा पिहोवा, जींद के पांडु पिंडारा, कैथल के कौल सहित कुरुक्षेत्र के करीब 20 तीर्थ स्थलों के अलावा प्रदेश के सभी जिलों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गीता महोत्सव में 16 दिसंबर को संतों का समागम होगा। 18 दिसंबर को थीम पार्क में 18 हजार विद्यार्थी 18 श्लोकिय वैश्विक गीता पाठ करेंगे। इसका मकसद विश्व शांति का रहेगा।
इंडिया गेट पर लगेगी प्रदर्शनी
नयी दिल्ली (ट्रिन्यू) : गीता महोत्सव को लेकर जानकारी देने के लिए हरियाणा सरकार की प्रदर्शनी लाल किले के बाद अब इंडिया गेट क्षेत्र में लगने जा रही है। यह अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती समारोह प्रर्दशनी 6 से 10 दिसंबर तक चलेगी। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ बृहस्पततिवार को इस प्रर्दशनी का शुभारंभ करेंगे।