मेजर ध्यानचन्द के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा बुधवार को सैनिक स्कूल रेवाडी से राव तुलाराम स्टेडियम तक हॉफ मैराथन दौड का आयोजन किया गया। इस मैराथन दौड को नगराधीश डा. विरेन्द्र सिंह ने झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन दौड में 200 खिलाडियों ने भाग लिया
सीटीएम डा. विरेन्द्र ने इस मौके पर कहा कि आज हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद का आज 113वां जन्मदिन है। आज ही के दिन सन् 1905 में दुनिया के इस महान खिलाड़ी का जन्म इलाहाबाद में हुआ था। उनके जन्मदिन को भारत के राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचन्द किसी परिचय के मोहताज नहीं है उन्होंने देश व विदेश में अपनी मेहनत से पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद हॉकी के महान खिलाड़ी थे उन्होंने हॉकी के दम पर पूरे विश्व में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर खेलों में कठोर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने खिलाडियों का आह्वान किया कि खेल चाहे कोई भी उसमें भाग लेना चाहिए इससे उनका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार कि खेल नीति का ही परिणाम है कि हमारे राज्य के खिलाडी पदक जीतकर देश की झोली में डाल रहे है।
इस अवसर पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी रेवाडी राज यादव ने मेजर ध्यानचन्द के असुलों पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।